Tue, 18 Feb 2025 21:36:15 - By : SANDEEP KR SRIVASTAVA
वाराणसी: कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक यात्री अचानक बेहोश होकर गिर गया। घटना के समय स्टेशन पर मौजूद GRP इंचार्ज हेमंत सिंह और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए यात्री को CPR देकर उसकी जान बचाई। यात्री की पत्नी ने बताया कि उन्हें माइनर हार्ट अटैक आया था।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे की है, जब DRM एनआर, रेलवे और पुलिस के अधिकारी स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान सर्कुलेटिंग एरिया से होल्डिंग एरिया सिगरा की तरफ जाते समय न्यू हाल नंबर तीन में एक यात्री के गिरने की सूचना मिली। यात्री का नाम विदुर मंडल बताया गया है, जो झारखंड से अपनी पत्नी आशा देवी के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ दर्शन करने के बाद प्रयागराज जा रहे थे।
विदुर मंडल के गिरते ही उनकी पत्नी आशा देवी चिल्लाने लगीं। उनकी चीख सुनकर GRP इंचार्ज हेमंत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीएसी बटालियन प्रभारी सुधीर कुमार की सहायता से विदुर को CPR दिया गया और उनके हाथ-पैर की मालिश की गई। इसके बाद विदुर को होश आया और उन्हें स्टेशन के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद विदुर ने प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए।
विदुर मंडल की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उन्हें माइनर हार्ट अटैक आया था, लेकिन अब उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने GRP इंचार्ज हेमंत सिंह और उनकी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से ही उनके पति की जान बच पाई। इस दौरान विदुर के साथ उनके दादा मैनेजर मंडल भी मौजूद थे।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने GRP की तारीफ करते हुए तालियां बजाईं। विदुर मंडल ने GRP इंचार्ज हेमंत सिंह को धन्यवाद दिया,और बोला कि आपने सर मुझे नया जीवन दिया है।
रेलवे प्रशासन और GRP की त्वरित कार्रवाई ने एक जान बचाकर मिसाल कायम की है। यह घटना यात्रियों के लिए सतर्कता और आपातकालीन स्थितियों में तत्परता का संदेश देती है।